फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर में भ्रूण लिंग जांच कर लड़की बता 40 हजार लिए, पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन सील

विज्ञापन
जागसी में पकड़े गए आरोपी संदीप के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम व पुलिस कर्मी। संवाद - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को गांव जागसी स्थित घर में छापा मारकर भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़ किया है। यहां अल्ट्रासाउंड करने वाले व्यक्ति ने गर्भ में लड़की बताकर 40 हजार रुपये ले लिये। रोहतक और झज्जर की संयुक्त टीम ने छापा मारकर आरोपी को काबू कर लिया। साथ ही मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन भी सील कर दी। आरोपी व्यक्ति को बरोदा थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन

रोहतक से टीम का नेतृत्व कर रहे पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. विकास सैनी ने बताया कि रोहतक सिविल सर्जन को शिकायत मिली थी कि रोहतक व सोनीपत के कुछ गांवों में भ्रूण लिंग जांच का गोरखधंधा चल रहा है। इस दौरान सिविल सर्जन ने डॉ. विकास सैनी के नेतृत्व में टीम का गठन किया। टीम में रोहतक व झज्जर के स्वास्थ्य अधिकारियों को शामिल किया गया। इस दौरान गर्भ में भ्रूण जांच कराने के लिए डिकॉय महिला को तैयार किया गया। टीम ने महिला का दलाल डॉ. रीना से संपर्क कराया। दलाल ने उस महिला को पहले रोहतक के गांव बोहर स्थित डॉ. शौकीन के क्लीनिक पर बुलाया। वहां से दलाल ने महिला को गोहाना में फव्वारा चौक पर भेजा। इसके बाद उस महिला को गांव जागसी भेजा गया। गांव के अड्डे पर संदीप नाम का व्यक्ति उस महिला को मिला और वह महिला को गांव के अंदर घर में ले गया। वहां पहुंचने पर संदीप ने पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से भ्रूण लिंग जांच की और गर्भ में लड़की बताई। साथ ही उसने महिला से 40 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने घर पर छापामार कार्रवाई की और वहां आरोपी संदीप को दबोच लिया। जांच के दौरान टीम को गर्भपात की दवाइयां व औजार भी बरामद हुए। साथ ही संदीप के कब्जे से 40 हजार रुपये भी बरामद हुए। इस पर टीम ने बरोदा थाना पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। कागजी कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी संदीप को पुलिस को सौंप दिया और अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया। टीम को मिले आरोपी के मोबाइल में की गई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से उत्तर प्रदेश के कई शहरों का पता लग सका। इस लेकर उत्तर प्रदेश में जाकर जांच की जाएगी। टीम में रोहतक से नोडल अधिकारी डॉ. विकास सैनी, डॉ. विशाल चौधरी, डॉ. देवेंद्र, डॉ. विजय, जोगेंद्र, प्रदीप, झज्जर से डॉ. शैलेंद्र डोगरा, डॉ. ममता वर्मा, डॉ. तरूण, रजनेश, प्रदीप व सोनीपत से डॉ. सुभाष गहलावत, डॉ. निशा पहाड़िया व मनोज जांगड़ा भी शामिल रहे।
जागसी में घर में भ्रूण लिंग जांच की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी संदीप को पकड़कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को आरोपी को गोहाना अदालत में पेश किया जाएगा। -निरीक्षक रमेेश दांगी, थाना प्रभारी बरोदा

जागसी स्थित घर में छापा मारकर पकड़ी गई पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ आरोपी संदीप। संवाद- फोटो : Sonipat

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें