सोनीपत। अमृतसर से कटिहार जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों पर हमला कर मोबाइल और डेबिट कार्ड लूटने के तीन आरोपियों को जीआरपी ने दबोच लिया। उनके पास से लूटे गए मोबाइल और डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।
सोमवार को आम्रपाली एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे लोगों ने रेलवे पुलिस को सूचना दी कि ट्रेन में कुछ युवकों ने उनकी पिटाई कर मोबाइल और डेबिट कार्ड लूट लिए हैं। जानकारी पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी।
ट्रेन के सोनीपत स्टेशन पर पहुंचने पर तीन युवकों सोनीपत निवासी रवि व भारत और गन्नौर निवासी शिवम को हिरासत में ले लिया गया। जीआरपी थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि एएसआई अजय कुमार की टीम ने तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से यात्रियों से लूटा गया सामान बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।