गोहाना। अजय बंसल से बात हो रही है। कहां है तू। मेरी मंशा पूरी कर दे, नहीं तो जान से मार दूंगा। गोहाना के बजारी मोहल्ला निवासी अजय बंसल के पास 11 अंकों वाले मोबाइल नंबर से कॉल कर यह धमकी दी गई है। पीड़ित ठेकेदार ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोहाना के बजारी मोहल्ला निवासी अजय बंसल ने बताया कि वह बिजली निगम में मरम्मत व अन्यों कामों के ठेके लेते हैं। 27 जून की रात करीब 9 बजे उनके मोबाइल नंबर पर मोबाइल नंबर 15672518969 से कॉल आई। पहली कॉल में आरोपी ने कहा कि तू अनिल बंसल बोल रहा है और तू कहां है। उसके बाद कॉल कट गई। दूसरी बार कॉल करके कहा कि तू मेरी मंशा पूरी कर दे, नहीं तो जान से मार दूंगा। उसके बाद फिर से कॉल कट गई। तीसरी बार फिर कॉल की और फोन काटने की कहकर गाली-गलौज करने लगा। पीड़ित ने पहचान जानने व मंशा पूछने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी गाली-गलौज करता रहा। इसके बाद आरोपी की 4 कॉल आई, लेकिन पीड़ित ने फोन नहीं उठाया और बाद में फोन बंद कर लिया। पीड़ित के पास आरोपी ने 7 बार कॉल की थी। पीड़ित ने 1 जुलाई को शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। शहर थाना प्रभारी नीरज कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह नंबर किसका है और धमकी देने वाला कौन है, इसकी जांच की जा रही है।