फोटो :24: खरखौदा थाने में खड़ी क्रेटा गाड़ी, जिसमें से शराब बरामद हुई है। स्रोत पुलिस प्रवक्ता
खरखौदा। ट्रांसपोर्ट कंपनी से एक गाड़ी किराये पर लेने वाले युवक ने मालिक को ही उसकी गाड़ी लौटाने से मना कर दिया। यही नहीं कार में लगे जीपीएस को ट्रैक करते हुए जब गाड़ी मालिक खरखौदा पहुंचा तो उसकी गाड़ी शराब की बोतलों से भरी खड़ी मिली। इस पर उसने खरखौदा पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया और किराये पर गाड़ी लेने वाले युवक व उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पुलिस ने कार व शराब को अपने कब्जे में ले लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला जौनपुर के सरकोनी गांव के रहने वाले रुद्र प्रताप चौबे नोएड़ा के सेक्टर-4 में गाड़ी किराये पर देने के लिए अपने नाम से कंपनी चलाते हैं। 26 जुलाई को दिल्ली के महिपालपुर के रहने वाले मनीष चौधरी ने अपने एक साथी के साथ आकर कार को प्रतिदिन चार हजार रुपये के किराये पर दो दिन के लिए लिया था। ऐसे में 28 जुलाई को गाड़ी न लेकर आने पर उन्होंने मनीष को फोन किया तो मनीष ने गाड़ी न लौटाने की बात कही। ऐसे में उन्होंने गाड़ी में लगे जीपीएस को ट्रेस किया तो उसकी लोकेशन खरखौदा की आई। वह खरखौदा पहुंचे तो कुलदीप नगर के एक प्लाट में खड़ी गाड़ी में शराब भरी मिली। सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया तो शीशा तोड़कर गाड़ी का दरवाजा खोला गया। इसके बाद गाड़ी को क्रेन की मदद से थाना में लाया गया और गिनती करने पर कार में ग्रीन लेबल मार्का की चार सौ व रायल स्टैग मार्का की 48 बोतल मिली। इस पर पुलिस ने मनीष चौधरी व उसके साथी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गाड़ी बरामद कर ली है, उसमें शराब भरी मिली है। केस दर्ज कर लिया गया है, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति साफ होगी कि गाड़ी में शराब कहां से आई और इसे कहां से लाया गया।
- इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, प्रभारी, थाना खरखौदा