गोहाना। क्राइम यूनिट ने सवा साल पुरानी अपहरण और लूट की वारदात में तीसरे आरोपी इंद्रगढ़ी के अंकित उर्फ टीना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया जहां से आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
छह नवंबर की रात खंदराई स्थित जय श्री श्याम ट्रेडिंग कंपनी से घर जा रहे कुलदीप की कार साढ़े आठ बजे कॉलेज मोड़ पर बंद हो गई। इसी दौरान बाइक पर प्रिंस के साथ आए दो में से एक मोटे लड़के ने कनपटी पर पिस्तौल जैसी चीज लगा गाड़ी की चाबी निकाल ली।
दूसरा कंडक्टर साइड में आकर बैठ गया। मोटे लड़के ने कुलदीप को उठाकर पिछली सीट पर फेंक दिया। इसके बाद प्रिंस पास आकर बैठ गया। दोनों ने मारपीट कर आखों पर पट्टी बांध दी।
आरोप है कि इधर-उधर घुमाने के दौरान दोनों मोबाइल फोन छीन लिए। पासवर्ड पूछकर प्रिंस ने अपने नंबर पर फोन-पे से एक लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। दूसरे मोबाइल फोन से भी 45 हजार व 4500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
इसके बाद जेब से 4500 रुपये नकद निकाल लिए। हाथ में पहना सवा 9 तोले का चांदी का कड़ा, चांदी की चेन निकाल ली। एक क्रेडिट कार्ड भी छीन लिया। इसके बाद करीब साढ़े 10 बजे महम रोड पर फेंककर कार की डिक्की से गैस सिलिंडर भी निकाल लिए। जाते-जाते पांच लाख रुपये देने की धमकी देकर चले गए।
इस मामले में प्रिंस व ऋतिक को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उप निरीक्षक नवनीत की टीम ने अब तीसरे आरोपी अंकित को भी गिरफ्तार कर लिया है।