गांव बैंयापुर में प्यारे पेड़े वाले के पौत्र व पेशे से अधिवक्ता प्रदीप के घर में घुसकर चोर लाखों रुपये के हीरे व सोने के आभूषण, 17 कारतूस व 30 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। वह पत्नी संग शादी समारोह में गए थे। घर में मौजूद उनके पिता व अन्य सदस्यों के कमरों की कुंडी बंद कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सदर थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बैंयापुर निवासी प्रदीप वालिया ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह पेशे से अधिवक्ता हैं। वह बुधवार को अपनी पत्नी पूजा के साथ शादी समारोह में गया था। घर पर उनके पिता लछमन वालिया व अन्य परिजन थे। रात को चोर उनके घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और कमरों की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर चले गए। उन्होंने सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी। उसके बाद वे उसके कमरे में घुसे और अलमारी के अंदर से आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए।
यह सामान किया चोरी
चोर उनके घर से हीरे की दो अंगूठी, हीरे का मंगलसूत्र, हीरे की बालियां, सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, दो जोड़ी सोने की बालियां, सोने की चूड़ियां, सोने की तीन अंगूठी, एक घड़ी व रिवॉल्वर की 17 गोलियां और 30 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। परिवार के सदस्य सुबह उठे तो कुंडी बाहर से बंद मिली। लछमन वालिया ने बताया कि उन्हें तभी अनहोनी की आशंका हो गई थी। बाद में एक कमरे की कुंडी टूटी देखकर वे वहां से बाहर निकले। तब चोरी का पता लगा। सदर थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम क्षेत्र में सीसीटीवी खंगाल रही है।
प्यारे पेड़े वाले के नाम से जाना जाता है परिवार
प्रदीप के पिता लछमन वालिया की सोनीपत में पुराना रोहतक रोड पर उनके पिता प्यारे के नाम पर पेड़े की दुकान है। उनका पूरा परिवार प्यारे पेड़े वाले के नाम से जाना जाता है। उनके घर चोरी का पता लगाने पर सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले में पुलिस को जल्द कार्रवाई कर चोरों का पता लगाकर गिरफ्तार करने को कहा है।
वर्जन
गांव बैंयापुर स्थित घर में चोरी की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उनका पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
- सुनील कुमार, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।