सोनीपत। नववर्ष के आगाज पर बुधवार को रेलवे स्टेशन परिसर पर 1275 मीट्रिक टन (एमटी) यूरिया खाद का रैक लगा। कृषि अधिकारियों ने कहा कि यूरिया खाद की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। खाद को रेल के 21 डिब्बों में राजस्थान के कोटा से मंगवाया गया है। यूरिया खाद को जल्द जिला के खाद विक्रेताओं तक पहुंचाया जाएगा। किसान अपने आसपास लगने वाले केंद्र से ही खाद प्राप्त कर सकेंगे।
कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि सोनीपत में यूरिया खाद का पर्याप्त भंडारण है। जिला में 1.45 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई हुई है। इसके अतिरिक्त पांच से सात हजार हेक्टेयर भूमि में किसान सरसों की बिजाई भी करते हैं। ऐसे में दिसंबर से यूरिया खाद की डिमांड बढ़ जाती है। सोनीपत रबी सीजन के दौरान करीब 62 हजार मीट्रिक टन यूरिया खाद की जरूरत पड़ती है। सोनीपत के लिए 17 दिसंबर 2024 को भी 1266 एमटी यूरिया खाद पहुंचने के बाद 50 हजार एमटी से ज्यादा यूरिया खाद का भंडारण हो चुका था। नववर्ष के आगाज के साथ बुधवार को भी जिला के किसानों के लिए 1275 एमटी यूरिया खाद मंगवाया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग लगातार यूरिया खाद मंगवाने की कवायद में जुटा हुआ है, ताकि किसानों को खाद की किल्लत न झेलनी पड़ी। सोनीपत में पहुंचने वाले कुल खाद में से 40 फीसदी खाद पैक्स पर भेजा जाएगा, ताकि किसानों को घर के आसपास लगने वाले केंद्रों पर खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि किसान आवश्यकता के अनुसार ही खाद की खरीद करें।