खरखौदा। नेशनल हाईवे-334 बी स्थित थाना कलां चौक के पास शुक्रवार को हुई पिता-पुत्र की हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया। वारदात के बाद नेशनल हाईवे-334बी पर लोगों की भीड़ जुटने से जाम लग गया जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मशक्कत के बाद वाहनों को निकाला।
दोहरे हत्याकांड के बाद शुक्रवार की सुबह पर वाहनों की कतार लग गई थी। मार्ग पर यातायात ठप हो गया। वाहन जाम की स्थिति में फंस गए, बसें और ट्रक हाईवे पर खड़े रहे। खरखौदा थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और वाहनों को निकलवाया।
तनावपूर्ण माहौल, भारी पुलिस बल तैनात : हत्या की वारदात के एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति नियंत्रण में रही।