हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन के दावे रोजाना फेल हो रहे हैं। सोमवार को 10वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में जमकर नकल चली। कई केंद्रों पर बाहरी तत्व पर्चियां फेंकने से बाज नहीं आए। हालांकि नकल रोकने के लिए गठित उड़नदस्तों ने सख्ती बरतते हुए अलग-अलग केंद्रों से 28 नकलची पकड़े।
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 82 केंद्र बनाए गए हैं। इन पर सोमवार को 10वीं कक्षा के करीब 19 हजार विद्यार्थियों ने अंग्रेजी का पेपर दिया। परीक्षा को नकल रहित संचालित करवाने के लिए सभी केंद्रों पर भले ही पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हो, इसके बावजूद बाहरी तत्व खिड़कियों के सहारे पर्चियां फेंकने से बाज नहीं आए। दोपहर बाद तीन बजे पेपर देकर केंद्र से बाहर निकले विद्यार्थियों में किसी के चेहरे खुश तो किसी के मायूस दिखाई दिए। शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि नकल पर अंकुश लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर जिन पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें भी नकल रहित परीक्षा करवाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। नकल करते पकड़े जाने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वर्जन
बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सोमवार को 10वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में उड़नदस्तों ने 28 विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। सभी केंद्र अधीक्षकों व पर्यवेक्षकों को नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
- बिजेंद्र नरवाल, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत