सोनीपत में ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का दौरा करते उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार व राजनीतिक दलों के प्रत
सोनीपत। उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस में सुरक्षा के सभी प्रबंध होने चाहिए। हाउस की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए सभी अधिकारियों को विशेष हिदायत दी गई है।
वह शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के चलते ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस की सुरक्षा के मानकों को देखने के लिए वेयर हाउस का दौरा कर रहे थे। उनके साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। वेयर हाउस से संबंधित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2024 की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो चुकी है। आचार संहिता का किसी को उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। उनके साथ राजनीतिक दलों से श्रद्धानंद सोलंकी, मुकेश पन्नालाल, देवेंद्र गौतम, बंसीलाल कुंडू भी मौजूद रहे।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार कहा कि ईवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा बहुत ही संवेदनशील कार्य हैं। उन्होंने अधिकारियों को ईवीएम वेयर हाउस के सुरक्षा प्रोटोकॉल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कहा कि इसमें हर पहलू पर चौकसी बरती जाए।
सीसीटीवी से लेकर बैलेट यूनिट की ली जानकारी
उपायुक्त ने अधिकारियों से वेयर हाउस में सीसीटीवी, अग्निशमन को लेकर व्यवस्था के साथ ही कंट्रोल यूनिट व बैलेट यूनिट के संबंध में जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।