संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिले की अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों में गेहूं की आवक तेज हो गई है लेकिन उठान धीमा होने से किसानों को परेशानी हो रही है। कुछ मंडियों व खरीद केंद्र में गेहूं रखने की जगह नहीं बची है। ऐसी स्थिति में सनपेड़ा खरीद केंद्र पर आ रहे गेहूं को खेत में रखा जा रहा है। रुखी गांव में सड़क पर गेहूं रखा गया है। मार्केट कमेटी सोनीपत की ओर से उठान न कराने पर 13 आढ़तियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिले की मंडियों व खरीद केंद्रों में 932110 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसमें से गेहूं का उठान मात्र 30 फीसदी हो सका है। कई खरीद केंद्र में उठान शुरू तक नहीं कराया गया है। मौसम विभाग की ओर से 19 अप्रैल से बारिश का अनुमान जताया गया है। अगर प्रशासन की ओर से जल्द गेहूं का उठान नहीं किया गया तो बारिश होने की स्थिति में नुकसान हो सकता है। श्रमिकों की कमी के कारण मंडियों व खरीद केंद्रों में उठान न होने की समस्या बनी हुई है। प्रशासन की ओर से मंडियों व खरीद केंद्रों में बेहतर प्रबंध करने के दावे किए जा रहे थे, लेकिन एजेंसियों की ओर से उठान धीमी गति से कराया जा रहा है। खरीद एजेंसियां व आढ़ती श्रमिकों की समुचित व्यवस्था नहीं कर पाए जिसकी वजह से मंडियों में गेहूं से भरे बोरे रखे हुए हैं।
सनपेड़़ा खरीद केंद्र फुल : गांव सनपेड़ा स्थित खरीद केंद्र पर आसपास के करीब 15 गांवों के किसान गेहूं लेकर पहुंच रहे हैं। श्रमिकों की कमी होने से उठान कम होने के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। चार एकड़ में फैला खरीद केंद्र गेहूं से भरी बोरियों और ढेरियों से भर चुका है। इसके अलावा आसपास छह एकड़ जमीन पर गेहूं के बोरे रखे हुए हैं। उठान कम होने के कारण आढ़तियों व किसानों को चिंता सता रही है। जब तक खरीद केंद्र से उठाकर गेहूं को गोदाम तक नहीं ले जाया जाएगा, तब तक खरीद एजेंसी की ओर से किसानों के बैंक खाते में गेहूं का भुगतान नहीं किया जा रहा। सरकार की ओर से 72 घंटे के अंदर उठान व भुगतान का दावा किया जा रहा है, लेकिन धरातल पर सरकारी दावे हवा हो रहे हैं। आढ़तियों का कहना है कि मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है, अगर बारिश हुई तो खुले में पड़ा गेहूं भीग जाएगा।
गेहूं की खरीद व उठान की स्थिति
मंडी/खरीद केंद्र खरीद उठान
बरोदा 5200 00
बिचपड़ी 1200 00
दातौली 13430 640
गन्नौर 98250 45330
गोहाना 363250 64260
कासंडी 15000 1290
कथूरा 5800 00
खानपुर 4250 00
खरखौदा 110670 65000
मुंडलाना 7400 780
मुरथल 43470 32550
नाहरा 25900 13720
पुगथला 33770 2470
पुरखास 21380 2000
रूखी 21000 1270
सनपेड़ा 35410 8420
सोनीपत 112680 40230
साइलो मोहाना 14050 14050
नोट: गेहूं की खरीद और उठान क्विंटल में आंकड़ा दर्शाया गया है।
वर्जन
मार्केट कमेटी के सभी सचिवों को पत्र लिखकर मंडियों व खरीद केंद्रों में गेहूं का उठान करने के निर्देश दिए गए हैं। उठान में सहयोग न करने वाले आढ़तियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया है। आढ़तियों का फर्ज बनता है कि वह स्वयं मजदूरों का प्रबंध करें।-विंशल सहरावत, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, सोनीपत।