सोनीपत। मंडियों में श्रमिकों की कमी के कारण गेहूं के उठान में देरी हो रही है। नई अनाज मंडी में निरीक्षण के दौरान मार्केट कमेटी की सचिव ज्योति मोर ने तोल कांटों की जांच की। साथ ही उन्होंने सोनीपत मंडी व नाहरा खरीद केंद्र के 13 आढ़तियों को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही उन्हें श्रमिकों का प्रबंध करके जल्द उठान के निर्देश जारी किए हैं। अनाज मंडी में वर्तमान में गेहूं से भरे 80 हजार कट्टे और नाहरा खरीद केंद्र में 42 हजार कट्टे रखे हुए हैं। उठान कम होने की वजह से सोनीपत मंडी के पास खुले में गेहूं डाला जाने लगा है। शनिवार शाम को हुई बारिश ने सोनीपत व खरखौदा मंडी में डाले गए गेहूं को लेकर आढ़तियों व किसानों की परेशानी बढ़ा दी है।
सोनीपत की अनाज मंडी में लगातार गेहूं की आवक व खरीद हो रही है, लेकिन श्रमिकों की कमी के कारण उठान में देरी होने के कारण मंडी लगातार गेहूं से भरे कट्टों से भर रही है। अगर यही हालात बने रहे तो किसानों को अपना गेहूं डालने के लिए मंडी में जगह नहीं मिलेगी। किसानों ने मंडी के साथ नई सब्जी मंडी के परिसर में भी गेहूं डालना शुरू कर दिया है। शनिवार को मार्केट कमेटी की सचिव ज्योति मोर ने मंडी का निरीक्षण करके उठान में देरी करने पर सोनीपत मंडी के 8 और नाहरा खरीद केंद्र के 5 आढ़तियों को नोटिस जारी किए। साथ ही उन्होंने तोल कांटों की जांच करते हुए गेहूं के कट्टों का उठान जल्द कराने के निर्देश दिए।
मंडियों में यह है व्यवस्था
मुरथल मंडी में अब तक 16 हजार 500 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है, इसमें से 7000 क्विंटल गेहूं का उठान हो पाया है। वहीं नाहरा खरीद केंद्र में 21000 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है, इसमें से 8732 कट्टों का उठान किया गया है। सोनीपत अनाज मंडी में शनिवार को 15092 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई और 14000 क्विंटल गेहूं का उठान किया गया। मंडी में करीब 80 हजार कट्टे रखे हुए हैं। मंडी में 1148 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। गोहाना मंडी में गेहूं की कोई खरीद नहीं हुई। 516 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। 6325 क्विंटल का गेहूं उठान किया गया। वहीं बरोदा में 5459 और रूखी खरीद केंद्र में 17451 क्विंटल गेहूं की खरीद गई। गन्नौर मंडी, पुगथला, सनपेड़ा, दातौली व पुरखास खरीद केंद्र में 121124 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई, जिसमें से 36408 कट्टों का उठान किया गया है।
-
भैंसवाल कलां खरीद केंद्र बंद का आज विरोध करेगी आम आदमी पार्टी
गोहाना। आम आदमी पार्टी के युवा नेता संदीप मलिक ने शनिवार को गांव भैंसवाल कलां के गेंहू खरीद केंद्र को बंद करने पर भाजपा सरकार का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा खरीद केंद्रों और मंडियों को बंद करवाकर किसानों को उद्योगपतियों का मजदूर बनाना चाहती है। इसके विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता रविवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।