सोनीपत। गांव नाहरा में पावर ग्रिड लाइन बिछाने का विरोध कर रहे किसानों के पक्ष में आए कांग्रेस विधायकों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी करने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेसी विधायकों ने कहा कि प्रशासन दबाव में किसानों पर दबाव बना रहा है। महापंचायत में किए वादे से प्रशासन अगले ही दिन मुकर गया।
गोहाना से विधायक जगबीर मलिक, खरखौदा से विधायक जयवीर सिंह व बरोदा से विधायक इंदुराज नरवाल शनिवार शाम कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता करते हुए आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की मांगों को पूरा करते हुए उन्हें शीघ्र मार्केट रेट पर मुआवजा दें। विधायकों ने एलान किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर किसानों की मांगों को पूरा किया जाएगा। विधायक जगबीर मलिक ने कहा कि सरकार किसानों को बर्बाद करने के लिए जबरन उनकी जमीन लेने की कोशिश कर रही है। इस दौरान ललित पंवार, मनोज रिढ़ाऊ, देवेंद्र शर्मा, जोगेंद्र दुभेटा, प्रेम नारायण गुप्ता, गौरव भारद्वाज, डॉ.आजाद आंतिल, किसान नेता सतेंद्र लोहचब, शमशेर सिंह मौजूद रहे।