राई। हाईवे पर मुरथल चौक के पास दुकान में घुसकर चोरी करता युवक सीसीटीवी में कैद हो गया है। दुकानदारों का आरोप है कि पहले उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा भी गया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों को दी है।
मुरथल के दुकानदार सोमदत्त, नरेश, बिट्टू व भगवानदास ने बताया कि एक युवक लगातार अड्ढे पर दुकानों में चोरी कर रहा है। उसे पकड़कर पुलिस को भी सौंपा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब युवक एक मेडिकल स्टोर में चोरी में करते हुए सीसीटीवी में दिख रहा है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि युवक खिड़की से अपनी गर्दन अंदर कर चोरी करने के लिए दराज को उठाता है। उसमें कुछ नहीं मिलने पर दूसरी दराज को बाहर निकालता। उसमें पैसे मिलने पर युवक दोनों हाथों से पैसों को जेब में डालता दिखाई दे रहा है। उसके बाद वह फरार हो जाता है। दुकानदारों ने बताया कि युवक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस के अधिकारियों को भेजी है।
वर्जन
दुकानदारों की तरफ से चोरी की लिखित में कोई शिकायत नहीं दी गई है। अगर कोई लिखित में शिकायत आएगी तो कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल स्टोर से चोरी की शिकायत दुकानदारों ने अभी तक नहीं दी है।
सुमित, थाना प्रभारी मुरथल।