राई थाने में रोष जताते युवक के परिजन व करणी सेना के पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : Sonipat
गांव झुंडपुर से जम्मू गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। वह ट्रक पर सहायक था। युवक के परिजनों ने ट्रक चालक पर युवक को गायब करने का आरोप लगाया है। वह युवक को सोनीपत लेकर जाने की बात कहकर अपने साथ लेकर आया था। पुलिस ने फिलहाल लापता होने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव झुंडपुर निवासी गेलू सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका भाई अनिल (20) ट्रक पर सहायक का कार्य करता था। वह मोबाइल नहीं रखता था। ट्रक चालक नूरहसन ने आठ दिन पहले उसे घर से बुलाया था। वह उसको सोनीपत चलने की बात कहकर साथ ले गया था। जब वह रात में नहीं लौटा तो नूरहसन से संपर्क करने पर उसने बताया कि वह ट्रक लेकर जम्मू जा रहा है। अब एक सप्ताह बाद नूरहसन लौट आया है, लेकिन अनिल का कोई पता नहीं है। गेलू सिंह ने बताया कि नूरहसन संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। उसका कहना है कि जम्मू में अनिल पानी पीने की बात कहकर गया, लेकिन लौटकर नहीं आया। परिजनों ने कहा कि पुलिस चालक से पूछताछ कर उसके भाई को बरामद करे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्रामीणों ने जताया रोष
क्षेत्र के आसपास के गांवों के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर थाने पहुंचे। और नूरहसन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए रोष जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अनिल को जानबूझ कर गायब किया गया है। करणी सेना के प्रदेश महासचिव दीपक चौहान ने आरोप लगाया कि पहले एक-दो युवक इसी तरह लापता हो चुके हैं। मामले की गहनता से जांच की जाय।
लापता युवक के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में मामला ट्रक के सहायक के लापता होने का है। पुलिस प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। -इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई।