संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। गांव फिरोजपुर बांगर निवासी युवक ने कुछ लोगों पर शादी समारोह से बुलाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। सैदपुर चौकी पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव फिरोजपुर बांगर निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार में रविवार की रात को शादी थी। शादी का कार्यक्रम सैदपुर स्थित एक वाटिका में था। वह अपने परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान गांव का ही युवक सोनू उनके पास आया और उनसे बातचीत करने के लिए बाहर बुलाकर ले गया। वह सोनू के साथ बाहर खड़ी उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठ गए जिसमें सोनू का भतीजा व अन्य लोग पहले से ही बैठे हुए थे। वह उन्हें फिरोजपुर बांगर स्थित एक कार्यालय में ले गए। जहां पर उनके साथ मारपीट की गई। वहीं आरोपियों ने उनकी सोने की अंगूठी भी निकाल ली। इसके बाद वह सभी वहां से भाग गए। घायल की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अंगूठी छीनने का मामला सामने नहीं आया है। इसकी अलग से जांच कराई जाएगी। कोई तथ्य मिलने पर इसकी धारा को जोड़ा जाएगा।