सोनीपत। सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने दो माह बाद उसके दोस्त पर लापरवाही से कार चलाने का मुकदमा दर्ज किया है। कार डिवाइडर से टकराने के कारण हादसा हुआ था।
दिल्ली के न्यू उस्मानपुर की गली नंबर-10 निवासी सुशील जैन ने पुलिस को बताया कि 5 फरवरी की शाम को उसका बेटा तुषार जैन अपने दोस्त न्यू उस्मानपुर निवासी निखिल तिवारी, आर्यन व आकाश जैन के साथ मुरथल ढाबे पर खाना खाने गया था। घटना की शाम को निखिल ने फोन कर बताया कि उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई है और तुषार हादसे में घायल है। सूचना पर वह मुरथल रोड स्थित निजी अस्पताल में पहुंचे। यहां बेटे तुषार ने बताया सभी आकाश की कार में मुरथल जा रहे थे। आकाश तेजी से कार चला रहा था। इस वजह से हादसा हो गया। हादसे में चारों चोटिल हो गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से निखिल, आर्यन व आकाश के परिजन तीनों को ले गए थे।
मुरथल अस्पताल में बेटे की तबीयत में सुधार नहीं होने पर उसे 9 फरवरी को दिल्ली के शालीमार बाग स्थित अस्पताल में परिजन ले गए। यहां 11 फरवरी को बेटे की मौत हो गई थी।
सुशील जैन ने पुलिस को बताया कि निखिल तिवारी और आर्यन ने कई दिन बाद बताया कि हादसा आकाश की लापरवाही से हुआ। उसे कार की गति कम करने के लिए कहा तो उसने कहा था कि मेरी गाड़ी तो रानी है, यह तो ऐसे ही चलती है। बाद में नांगल खुर्द के पास हादसा हो गया था।