सोनीपत। गांव बसौदी में जमीन को लेकर विवाद पर ताऊ व अन्य पर गोली चलाने के आरोप पुलिस जांच में झूठे निकले। पुलिस जांच में सामने आया कि ताऊ को फंसाने के लिए साथी से खुद के पैर में गोली मरवाई थी। पुलिस ने दोनों को पकड़कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पुरानी बसौदी निवासी रमजान ने 28 अक्तूबर को बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया था कि उनका ताऊ कप्तान के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। ताऊ कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है। वह दीपालपुर रोड स्थित खेत में जा रहे थे तो रास्ते में उसके ताऊ और एक युवक ने उन पर गोली चला दी थी।
उन पर तीन फायर किए थे, जिसमें एक गोली उसके पैर की पिंडली में लगी थी। पुलिस ने हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि रमजान ने अपने ताऊ को फंसाने के लिए अपने दोस्त गौतम से अपने पैर में गोली मरवाई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।