राई। गांव असावरपुर के अखाड़े में हुई कहासुनी की रंजिश में सेवली के पहलवान ने साथी पहलवान पर तेजधार हथियार व डंडे से हमला करने का आरोप लगाया है। घायल को सामान्य अस्पताल में उपचार दिलवाया गया। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव सेवली निवासी जयदीप ने राजीव गांधी एजुकेशन सिटी चौकी पुलिस को बताया कि वह असावरपुर के कुश्ती अखाडे़ में अभ्यास करता है। वहां पर गांव सेवली का ही जयबीर उर्फ रवि भी अभ्यास करता है। अखाड़े में अभ्यास के दौरान उससे कहासुनी हो गई थी। वहां पर मौजूद अन्य पहलवानों ने बीचबचाव करा दिया था, लेकिन जयबीर इसकी रंजिश रखे हुआ था। जयदीप ने बताया कि 22 जुलाई को वह परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। वहां पर जयबीर उर्फ रवि भी आ गया। वह उसे गाली देने लगा। उसने तेजधार हथियार से उसके हाथ पर हमला कर दिया। वह वहां से भागने लगा तो वहां पर पड़ा डंडा उठाकर कमर में मारा और अपना सिर उसके मुंह पर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोगों के आ जाने पर वह भाग गया। उसके दोस्त ने उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।