सोनीपत। सीआईए सेक्टर-3 की टीम ने चार साल पहले पुलिस टीम को चकमा देकर भागे लूट का षड्यंत्र रचने के दो इनामी आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी गांव जाजी निवासी सूरज व पानीपत के गांव मांडी का रहने वाला सुमित है। पुलिस दोनों को सोमवार को अदालत में पेश करेगी। पुलिस ने चार साल पहले उनके पांच साथियों को मौके से पकड़ लिया था।
चोरी निरोधक स्टाफ में नियुक्त तत्कालीन एएसआई गुलशन भौरिया ने दिसंबर, 2020 को मुरथल थाना पुलिस को बताया था वह अपनी टीम के साथ मुरथल के पास गश्त कर रहे थे। तब पुलिस ने सूचना के बाद गैर आबाद ढाबे पर लूट का षड्यंत्र रचने के आरोप में पांच युवकों को पकड़ा था। तब तीन युवक ढाबे के पीछे की टूटी दीवार से बाहर भाग गए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव जाजी निवासी कैलाश उर्फ टोलू, कलीम, विकास, अजीत उर्फ जीता व जसराणा निवासी नसीब उर्फ निशु के रूप में हुई थी। उनके फरार साथियों की पहचान जाजी निवासी मुकेश उर्फ भोकली व सूरज तथा पानीपत के गांव मांडी निवासी सुमित के रूप में हुई थी। तब उनके पास से पिस्तौल, चाकू व चोरी की तीन बाइक मिली थी। मामले में फरार आरोपियों पर पांच-पांच हजार का इनाम रखा था। अब सीआईए-3 की टीम ने मामले में सुमित व सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम उनसे पूछताछ करेगी।