गांव कुंडली के एक युवक को कुंडली थाना में नियुक्त तीन पुलिस कर्मियों द्वारा पीटने के मामले मेें बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने चौपाल में एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने दोषियों को तुरंत बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मोहन लाल बडौली ने किया।
गौरतलब है कि कुंडली के विक्की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह कुंडली स्थित एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है। मंगलवार को वह नौकरी पर था। इसी दौरान एएसआई हरी प्रकाश, सुरेश और हेड कांस्टेबल प्रदीप एक निजी कार से उसके पास आए और जबरन कार में बैठा लिया।
आरोप है कि इसके बाद तीनों ने उसकी बुरी तरह पिटाई की। पीटने के बाद तीनों ने उसे गांव सेरसा के तालाब के पास फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने तीनों पुलिस कर्मियाें के खिलाफ बुधवार को मारपीट का मामला दर्ज किया था। इससे पहले ग्रामीणों ने थाने के बाहर रोष भी जताया था।
बृहस्पतिवार को भाजपा नेता मोहन लाल बडौली गांव कुंडली पहुंचे और पीड़ित विक्की का हालचाल जाना। उनके नेतृत्व में ग्रामीणों ने चौपाल में एकत्र होकर पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेता ने कहा कि निर्दोष लोगों को पकड़कर उनसे मारपीट करना गलत है। इसके खिलाफ भाजपा धरना प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने तीनों पुलिस कर्मियों को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान अशोक कौशिक, पीड़ित का पिता कृष्णपाल, रिजकराम, जयप्रकाश, प्रेम प्रकाश, सतप्रकाश, राजेश, गुलाब आदि मौजूद रहे।
पांच हजार में समझौता करवाने का आरोप
ग्रामीणों ने रोष प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि मारपीट के मामले में आरोपी एएसआई हरी प्रकाश लोगों से मामले में समझौता कराने की एवज में पांच-पांच हजार रुपये मांगता था। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पुलिस कर्मी की प्रापर्टी की जांच की जाए। उसे तुरंत बर्खास्त किया जाए या उसका तबादला किया जाए। उन्होंने कहा कि मांग नहीं माने जाने की सूरत में वह धरना देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।