संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कुंडली की रहने वाली शिक्षिका को झांसे में लेकर साइबर ठगों ने 4.70 लाख रुपये की ठगी कर ली। जब पीड़िता को मामले का पता लगा तो उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, जहां से उन्हें साइबर थाने में भेजा गया। महिला साइबर थाने में गई तो ठगी की राशि पांच लाख से कम होने के चलते संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दी, जिस पर कुंडली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कुंडली निवासी शिक्षिका अंजू ने पुलिस को बताया कि उनके पास टेलीग्राम पर मैसेज आया था, जिसमें उन्हें गेम खेलने व उसकी सभी स्टेज पार करने पर मोटी राशि देने का झांसा दिया गया था। आरोप है कि साथ ही उन्होंने अलग-अलग स्टेज के लिए फीस भी निर्धारित कर रखी थी। उन्होंने उनकी फीस को जमा कराते हुए उनके गेम की स्टेज पूरी कर ली। इस दौरान उनसे 4.70 लाख रुपये लिए गए। महिला का आरोप है कि बाद में उन्हें कोई राशि नहीं दी गई।
इस पर उन्हें ठगी का पता लगा। इसके लिए उन्होंने 11 जून को साइबर पुलिस की साइट पर शिकायत की थी, जहां से उन्हें बताया गया कि इसके लिए साइबर थाना सोनीपत में जाकर शिकायत देनी होगी। महिला का कहना है कि वह साइबर थाने में पहुंची तो बताया गया कि पांच लाख से कम की राशि होने पर शिकायत संबंधित थाने में दर्ज करानी होगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त कार्यालय में मुकदमा दर्ज कराने के लिए शिकायत दी। कुंडली थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
पांच लाख रुपये से कम राशि होने पर कटवाए गए चक्कर
महिला ने सोनीपत के सेक्टर-23 स्थित साइबर थाना में जाकर शिकायत दी थी। उन्हें बताया गया कि पांच लाख से कम की राशि पर साइबर ठगी का मुकदमा संबंधित थाने में दर्ज किया जाता है। उन्होंने इसे लेकर कई तरह के कारण भी बताए। जब उन्होंने उनके पास ही मुकदमा दर्ज करने को कहा तो उन्होंने इसके लिए पुलिस आयुक्त की अनुमति लेकर आने की बात कही। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दी। इसके बाद अब कुंडली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले लेकर शिकायत मिली थी। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। जल्द साइबर ठगों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
- ऋषिकांत, थाना प्रभारी कुंडली।