गोहाना। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा है कि वित्तवर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट से समाज के हर वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। बड़ौली ने यह बात सोमवार को गोहाना के सिंचाई विश्राम गृह में एक प्रेसवार्ता में कही।
बजट की मुख्य बातों को साझा करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पूंजीगत व्यय को एक लाख करोड़ रुपये बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है।
किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा बढ़ने से खासी राहत मिलेगी। देश के हर जिले में आधुनिक ट्रॉमा सेंटर बनने से स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी। साथ ही आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को भी बजट में खास महत्व दिया गया है।
बड़ौली ने कहा कि बजट में देश में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। वहीं सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों में पांच क्षेत्रीय आयुष मेडिकल हब बनाने की घोषणा की है।
आयुर्वेदिक दवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए फार्मेसियों और टेस्टिंग लैब को आधुनिक बनाने पर भी जोर दिया गया है। नए मेडिकल संस्थानों और बड़े अस्पतालों के विस्तार का भी प्रावधान किया गया है। जहां एक ओर स्वास्थ्य सेवाएं सशक्त होंगी, वहीं युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
कैंसर, शुगर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। साथ ही सोलर पैनल, चमड़े से बनी वस्तुएं, जूते और कपड़ों के दाम भी कम होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के राखीगढ़ी को वैश्विक स्तर पर पर्यटक स्थल के रूप में पहचान मिलेगी।
इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, प्रभारी डॉ. किरण कलकल, चेयरमैन रजनी विरमानी, डॉ. धर्मवीर नांदल, महेंद्र चिड़ाना, जितेंद्र शर्मा, बलराम कौशिक, सरपंच पवन शर्मा, प्रदीप बड़वासनी, प्रवीण खुराना आदि मौजूद रहे।