फोटो 15: सोनीपत के गन्नौर में जब्त किए गए सामान को ट्राली में डालकर नगरपालिका कार्यालय ले जाते
गन्नौर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को यातायात पुलिस ने नगरपालिका के सहयोग से रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के बाहर अवैध रूप से रखे गए सामान और सड़क पर गलत तरीके से खड़ी रेहड़ियों को हटवाकर जब्त किया गया।
यातायात पुलिस चौकी प्रभारी सोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में रेलवे रोड पर दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग, तख्त, रेहड़ियां व अन्य सामग्री को कर्मियों ने उठाकर नगरपालिका परिसर में जमा कराया। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के चालान भी काटे गए। चौकी प्रभारी सोहन सिंह ने दुकानदारों, रेहड़ी चालकों और वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर किसी भी स्थिति में जाम नहीं लगने दिया जाएगा।