फोटो : 26: मटिंडू गांव में कब्जा कार्रवाई को लेकर पहुंचा प्रशासनिक अमला व मौजूद ग्रामीण। पाठक
खरखौदा। मटिंडू गांव में जमीन पर कब्जा दिलाने की चल रही कार्रवाई सिरे नहीं चढ़ पा रही है। वीरवार को भी भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अमला मटिंडू गांव पहुंचा मगर पैमाइश की मशीन उपलब्ध नहीं होने पर टीम काफी समय तक इंतजार करने के बाद लौट गई। उधर इसी बीच एक पक्ष को न्यायालय से स्टे भी मिल गया। अब मटिंडू की कब्जा कार्रवाई को पूरी करने के लिए फिर से शेड्यूल बनाया जाएगा।
मटिंडू गांव में जमीन की गलत पैमाइश होने के चलते कई दशक पहले किसी अन्य की जमीन पर दूसरे ग्रामीणों ने अपने मकान बना लिए थे। यह प्रक्रिया काफी ग्रामीणों ने की थी। गांव में बहुत से लोग अपने हिस्से की जमीन की जगह दूसरे के हिस्से की जमीन पर मकान बना लिए। करीब तीन दशक पहले मटिंडू गांव के ही लोगों ने न्यायालय में जाकर अपने हिस्से की जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की थी।
इस समय न्यायालय के आदेश पर स्थानीय प्रशासन ने मटिंडू में जमीन के असली मालिक को उसकी जगह पर कब्जा दिलाए जाने की कार्रवाई को अमल में लाया जा रहा है। करीब डेढ़ वर्ष से यह कार्रवाई जारी है। सोमवार को जब टीम कब्जा दिलाने गई थी तो उस दौरान एक ग्रामीण ने खुद पर तेल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया था।
वीरवार को फिर से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार अचिन की अगुवाई में भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अमला मटिंडू पहुंचा। मगर पैमाइश की मशीन नहीं मिलने पर खाली हाथ लौट गई।
संबंधित मामले में एक पक्ष जमीन की पैमाइश कराने के लिए मशीन उपलब्ध नहीं करा पाया। इसके चलते प्रशासनिक टीम लौट आई। मामले को लेकर न्यायालय में स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुति की जाएगी। आगामी समय में कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
-डॉ. निर्मल नागर, एसडीएम, खरखौदा।