फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: कोहरे की दस्तक के साथ थमी वाहनों की रफ्तार

Thu, 30 Nov 2023 01:05 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
सोनीपत के गोहाना में घने कोहरे के बीच गुजरती कार। संवाद
विज्ञापन
सोनीपत। सोमवार शाम से मंगलवार दोपहर तक रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी के बाद देर रात आसमान साफ होने के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से बुधवार अलसुबह पहला कोहरा छा गया। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। ग्रामीण क्षेत्र में काफी देर तक कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से ग्रामीण क्षेत्र में दृश्यता 10 मीटर और शहरी क्षेत्र में 50 मीटर तक सिमट गई। कोहरे के कारण नेशनल हाईवे, केजीपी और केएमपी पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
विज्ञापन


बुधवार सुबह लोग सोकर उठे तो घना कोहरा छाया हुआ था। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दो दिन पहले सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते तो दो दिन तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। इससे वातावरण में नमी की मात्रा काफी अधिक हो गई थी। बुधवार सुबह हवाओं की गति धीमी होने पर सुबह साढ़े पांच बजे से कोहरा छा गया। कोहरा छाने से दृश्यता कम हो गई, जिसकी वजह से वाहनों की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह गई। शहरी क्षेत्र में आठ तो ग्रामीण क्षेत्र में दस बजे मौसम साफ हुआ। गोहाना और गन्नौर क्षेत्र में भी घना कोहरा छाया हुआ था।

आज फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार वीरवार से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 30 नवंबर व 1 दिसंबर तक बारिश व बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। विशेषज्ञ के अनुसार 1 दिसंबर के बाद 4 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दिसंबर में अब तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। बुधवार को सोनीपत का अधिकतम तापमान जहां 24.9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री रहा, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 21.9 व न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री रहा था।
विज्ञापन

सांसों को मिली राहत

बूंदाबांदी के बाद बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार हुआ है। एक्यूआई का स्तर 128 दर्ज किया गया। एक दिन पहले तक यह 165 दर्ज किया गया था। तीन दिन पहले तक एक्यूआई 343 था। बूंदाबांदी के अब ठंड बढ़ने का अनुमान है। इससे गेहूं की फसल को काफी फायदा होगा।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बूंदाबांदी के चलते वातावरण में नमी बढ़ गई है। इससे बुधवार को कोहरा छा गया। अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है। जिसके कारण 30 नवंबर व 1 दिसंबर को बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे। -डॉ. प्रेमदीप सिंह, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें