खरखौदा। एसडीएम ज्योति मित्तल ने वीरवार को अतिक्रमण हटाने के आदेश नगर पालिका अधिकारियों को दिए। एसडीएम ने नपा अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि शहर में लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है, लेकिन अतिक्रमण को हटाया नहीं जा रहा है। उन्होंने नपा अधिकारियों से पूछा कि क्यों सड़कों पर अतिक्रमण स्थायी हो गया है। अतिक्रमण करने वालों के नोटिस नहीं दिया जा रहा है।
एसडीएम ज्योति मित्तल ने कहा कि शहर में जलनिकासी और कूड़ा उठान की स्थिति बदतर है। इन्होंने तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों के बाहर लगे टिन शेड हटाने के भी आदेश दिए। एसडीएम ने कहा कि शहर की सड़कों पर पीली पट्टी लगाई जानी थी। वह आज तक नहीं लगाई गई। ऐसे में वाहन चालक को कैसे पता चलेगा कि उसे सड़क से कहां तक हटकर अपने वाहन को खड़ा करना है। उन्होंने अधिकारियों को सड़कों पर पीली पट्टी लगाने के आदेश भी दिए।
इससे पहले एसडीएम ने रोहतक मार्ग स्थित निर्माणाधीन पार्क और तालाब के सुंदरीकरण कार्य का जायजा लिया। वहां फैली गंदगी का विधिवत उठान नहीं होने पर नपा अधिकारियों को फटकार लगाई और सही प्रकार से सफाई करवाने की बात कही। वहीं शहर में पानी निकासी व गंदगी उठाने के कार्य को ठीक से करवाने के आदेश दिए। इनके साथ नगर पालिका सचिव संदीप कुमार, कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार सहित अन्य स्टाफ कर्मी मौजूद रहे।