संंवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। बाबा कॉलोनी में सीवर ओवरफ्लो होने की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। पानी निकासी ठप होने से घरों के अंदर पानी घुस रहा है।लोगों का आरोप है कि नगर निगम अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
सुनील बैरागी, कमलेश, कर्मबीर, अंकित ने बताया कि तीन माह से सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। यहां नई सीवर लाइन डाली गई थी लेकिन अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत या तकनीकी खामी के कारण यह पूरी तरह से फेल है।
उनका कहना है कि सीवर से पानी की निकासी बिल्कुल नहीं हो रही है। कॉलोनी की गलियां तालाब बन चुकी हैं। कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया है कि अगर लाइन सही तरीके से डाली गई होती तो रोजाना टैंकर बुलाने की नौबत नहीं आती।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि चुनाव से पहले इस तकनीकी खामी को दूर कर स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आने वाले समय में कड़ा फैसला लेने के लिए मजबूर होंगे।
वर्जन
बाबा कॉलोनी से लहराड़ा तक सीवर लाइन डालने के लिए 70 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर लगाकर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी लाइन डाली जाएगी। -विकास कुमार, कनिष्ठ अभियंता, नगर निगम।