फोटो 27: सोनीपत के नागरिक अस्पताल में व्यवस्था की जांच करने पहुंची कायाकल्प टीम। स्रोत: अस्पताल
सोनीपत। नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और स्वच्छता का जायजा लेने के लिए कायाकल्प की दो सदस्यीय टीम ने मंगलवार को निरीक्षण किया। टीम ने आपातकालीन कक्ष, ओपीडी, प्रसूति विभाग, बाल रोग विभाग, मेडिकल वार्ड और सर्जिकल वार्ड की व्यवस्था जांची। टीम में करनाल से उप सिविल सर्जन डाॅ. रविंद्र सिंह सिंधु, डाॅ. अंशुल शामिल रहे।
डॉ. रविंद्र सिंह सिंधु ने कहा कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए क्योंकि स्वच्छ वातावरण मरीजों के स्वास्थ्य सुधार में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि स्टाफ की नियमित ट्रेनिंग कराई जाए ताकि कर्मचारियों को नई तकनीक और मरीजों की देखभाल से जुड़ी प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी हो।
इसके अलावा उन्होंने आवश्यक मशीनरी और उपकरणों की खरीद को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। टीम जल्द ही निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को सौंपेगी।
वहीं, नागरिक अस्पताल की ओर से उप चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. संदीप लठवाल, डाॅ. नितिन, नवीन दहिया सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।