संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को चेयरपर्सन रजनी विरमानी की अध्यक्षता में सदन की विशेष बैठक हुई। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों ने शहर की 17 अनियमित काॅलोनियों को नियमित कराने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया। अंतिम निर्णय मुख्यालय स्तर पर लिया जाएगा।
नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने अवैध काॅलोनियों के आवेदन मांगे थे। गोहाना से 17 काॅलोनियों से आवेदन किए गए थे। विभाग ने आवेदनों को शहरी स्थानीय निकाय विभाग के पास भेजा गया था। इसके बाद निकाय द्वारा नगर परिषद को नक्शे भेजकर सर्वे करने के निर्देश दिए गए थे।
सोमवार को नगर परिषद की अध्यक्ष रजनी विरमानी की अध्यक्षता में सदन की बैठक हुई। अधिकारियों द्वारा 17 अनियमित कॉलोनियों को नियमित करने का प्रस्ताव रखा गया। सभी वार्डों के पार्षदों ने प्रस्ताव पर सहमति दी और उसे मंजूर कर दिया गया। नप के अधिकारियों की ओर से अब केस तैयार करके जिला नगर आयुक्त के माध्यम से निदेशालय को भेजा जाएगा।
बैठक में मीनाक्षी काॅलोनी पार्ट-दो, बनभौरी माता काॅलोनी, गोवर्धन काॅलोनी, ज्योतिबा फूले काॅलोनी, एकता काॅलोनी व देवीपुरा काॅलोनी एक्सटेंशन, मीनाक्षी काॅलोनी पार्ट-एक व दो, गुढ़ा काॅलोनी एक, गुढ़ा काॅलोनी दो, आदर्श नगर, आर्य नगर एक्सटेंशन, विष्णु नगर एक्सटेंशन, आदर्श नगर-दो, राम नगर-दो काॅलोनी, ग्रेन मार्केट काॅलोनी, श्रीराम शरण काॅलोनी-एक, श्रीराम शरणम काॅलोनी-दो, बलराज एवं चोपड़ा काॅलोनी एक्सटेंशन के प्रस्ताव मंजूर किए गए।
इस दौरान नगर परिषद की उपाध्यक्ष राजबाला मलिक, पार्षद आजाद मलिक, जगदीश राय, अंजू, सोनिया, मंजू, जगमति, बबली, राम सिंह, प्रदीप लठवाल, कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मलिक, कार्यकारी अभियंता नवीन सहरावत, पालिका अभियंता बृजेश हुड्डा मौजूद रहे।