सोनीपत। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पेपरलेस रजिस्ट्री योजना पहले ही सिरे नहीं चढ़ पाई। सोमवार को जिलेभर में रजिस्ट्री पोर्टल तकनीकी खामी के चलते खुल ही नहीं सका जिसकी वजह से एक भी रजिस्ट्री नहीं दर्ज हो सकी। तहसील परिसर सूने पड़े रहे। इक्का-दुक्का लोग कागजात लेकर आए और चक्कर लगाकर लौट गए।
सरकार ने इस नई प्रणाली को डिजिटल हरियाणा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया था। योजना के तहत अब संपत्ति की रजिस्ट्री पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया से होनी है। दस्तावेज अपलोड करने से लेकर ओटीपी वेरिफिकेशन तक सब ऑनलाइन होगा। उसके बावजूद पहले ही दिन सिस्टम ने जवाब दे दिया।
दिनभर में मात्र चार टोकन जारी हुए, जिनका ओटीपी तक जारी नहीं हो पाया। खरखौदा, गन्नौर व गोहाना में भी कोई रजिस्ट्री नहीं हो सकी। खरखौदा के नायब तहसीलदार अचिन कुमार ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर कोई आवेदन नहीं आया।
औसतन होती हैं 400 रजिस्ट्री, सोमवार को रहा सन्नाटा
जिले में रोजाना करीब 400 और सोनीपत मुख्यालय में 200 रजिस्ट्री टोकन काटे जाते हैं लेकिन सोमवार को पूरा दिन सन्नाटा पसरा रहा। न किसी आवेदक का नंबर आया और न कोई दस्तावेज दाखिल हुआ। लोगों ने बताया कि पोर्टल बार-बार सर्वर एरर दिखा रहा था।
तकनीकी दिक्कत दूर होने में लग सकता है एक सप्ताह
बताया जा रहा है कि डेटा सिंक्रोनाइजेशन और ओटीपी वेरिफिकेशन जैसी खामियों को ठीक करने में करीब एक सप्ताह लग सकता है। पुराने सिस्टम को समानांतर रूप से चालू रखने की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे आवेदक फिलहाल इंतजार करने के अलावा कुछ नहीं कर सकते हैंं।
यह है पेपरलेस रजिस्ट्री योजना
प्रदेश सरकार ने राज्य को देश का पहला पेपरलेस रजिस्ट्री लागू करने वाला राज्य घोषित किया है। योजना के तहत नागरिक अब ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। दस्तावेज अपलोड, भुगतान और स्लॉट बुकिंग सब कुछ एक ही प्लेटफॉर्म पर होगी। केवल अंतिम डिजिटल सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए तहसील कार्यालय जाना होगा।
नए बदलावों से जुड़े प्रमुख दावे
-नागरिक राजस्व कार्यों से जुड़ी जानकारी व्हाट्सएप चैटबॉट से प्राप्त कर सकेंगे।
-जमीन की पैमाइश अब डिजिटल रूप से होगी जिससे विवाद कम होंगे।
-जमीन बंटवारे के मामलों की मॉनिटरिंग डिजिटल सिस्टम से होगी जिससे फैसले जल्दी आएंगे।
पहले दिन सर्वर ने काम नहीं किया। तकनीकी टीम को सूचित कर दिया गया है। एक-दो दिन में व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है। यह बड़ा सिस्टम परिवर्तन है। शुरुआती दिक्कतें आना स्वाभाविक है। -कीर्ति, तहसीलदार सोनीपत
फोटो :24: सोनीपत तहसील परिसर में खाली पड़ी टोकन खिड़की। संवाद