गांव गोरड़ से 13 दिन से लापता बुजुर्ग का शव गांव सिसाना स्थित ड्रेन नंबर आठ के किनारे पेड़ पर फंदे से लटका मिला। बुजुर्ग ने प्लास्टिक की नई रस्सी से फंदा लगाया हुआ था। कई दिन से शव लटका होने से क्षत-विक्षत हालत में मिला है। शिनाख्त होने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गोरड़ निवासी सुनीत ने दो दिन पहले अपने पिता बलवान सिंह (60) की गुमशुदगी की शिकायत फरमाणा चौकी पुलिस में दी थी। सुनीत ने बताया था कि उसके पिता 22 अगस्त को घर पर बिना कुछ बताए कहीं चले गए थे। वह अपने स्तर पर काफी तलाश कर चुके हैं और अब पुलिस को सूचित किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बुजुर्ग की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव सिसाना के पास ड्रेन नंबर आठ के किनारे पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान गोरड़ निवासी बलवान सिंह के रूप में हुई। फरमाणा चौकी प्रभारी चैन सिंह ने बताया कि बलवान सिंह के परिजनों ने बीमारी के चलते मानसिक रूप से परेशानी के कारण घर से चले जाने की बात बताई थी। रविवार को सिसाना निवासी किसान ने चौकी में जब व्यक्ति के पेड़ पर फंदा लगाए जाने की सूचना दी तो मौके पर जाकर लापता बलवान सिंह के परिवार को बुलाया गया। पहचान होने पर शव को लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।