खरखौदा। शहर के विकास कार्यों पर नगरपालिका के अध्यक्ष हीरालाल इंदौरा ने खुद सवाल खड़े किए हैं। सफाई से लेकर नाला निर्माण में बरती जा रही लापरवाही को उजागर करते हुए उन्होंने न केवल नपा सचिव को स्थिति से अवगत करवाया, बल्कि संबंधित अधिकारियों को उक्त मामले में अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए कहा।
नपा अध्यक्ष ने सफाई के कार्य से लेकर नाला निर्माण को लेकर अपनी आपत्ति नपा सचिव के समक्ष दर्ज कराई। मटिंडू मार्ग पर इन दिनों नाले का निर्माण करवाया जा रहा है। इसको लेकर नपा अध्यक्ष हीरालाल इंदौरा ने नपा सचिव मनीष रेढू के साथ दौरा किया।
हीरालाल ने कहा कि शहरवासी लगातार निर्माण कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। नाले की कहीं पर मोटाई कुछ है तो कहीं पर कुछ। इतना ही नहीं, बिना सफाई के नाले के निर्माण में सीमेंटेड बेड बनाने के लिए सरिये लगाए गए हैं।
इस पर नपा अध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर की और नपा सचिव से सवाल किया कि ऐसा काम होगा तो यह नाला कितने दिन तक टिक पाएगा। इस दौरान जब नपा अध्यक्ष को सड़क पर गंदगी के ढेर लगे मिले, लोगों ने इस पर उनके समक्ष नाराजगी जाहिर की तो उन्होंने कहा कि सफाई ठेकेदार भी इस मामले में लापरवाही बरत रहा है।
उन्होंने संबंधित कार्यों के ठेकेदारों से भी लापरवाही के मामले में स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से खरखौदा के लिए बजट भेजा जा रहा है, लेकिन ठेकेदार मनमानी करते हुए इसे अपने तरीके से प्रयोग कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है।
नपा सचिव मनीष रेढू ने हाल ही में खरखौदा में चार्ज संभाला है, जिस पर वह नपा अध्यक्ष के साथ शहर का निरीक्षण कर रहे थे। शहर में चल रहे विकास कार्यों को देखने के बाद नपा अध्यक्ष ने अपनी नाराजगी सचिव के समक्ष जाहिर की है, स्थिति में जल्द सुधार लाने की बात कही।