गांव कोहला में एक महिला को जहर देकर मारने का आरोप लगा है। मृतका के पिता का आरोप है कि लड़का न होने पर उसकी बेटी को मार दिया गया। उसके बयान पर बरोदा थाना पुलिस ने पति समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हिसार जिले के गांव सीसर निवासी तेजपाल ने बताया कि उसने अपनी बेटी कविता की शादी 24 अप्रैल 2015 को गांव कोहला के शनि के साथ की थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे। कविता ने दो बेटियों को जन्म दिया, लेकिन वह उसे हमेशा बेटा न होने का ताना देते थे। तेजपाल का आरोप है कि पति शनि, ससुर रामचंद्र, सास गुलाबो, ननद रिंकू और शनि की जौली गांव में रहने वाली मौसी ऊषा ने कविता को सोमवार को जबरन जहर पिला दिया। इस पर परिजन उसे गंभीर हालत में लेकर बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।