खरखौदा। विधायक पवन खरखौदा वीरवार को खासे नाराज नजर आए। यह नाराजगी स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं किए जाने पर थी। मौका था समाधान शिविर का। एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर की अगुवाई वाले शिविर में विधायक ने पूछा कि अब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की शिकायत भी समाधान शिविर में आएंगी क्या? वह भी एक ही समस्या दूसरी बार।
उन्होंने कहा कि इन्हें ठीक नहीं कर सकते तो उतार क्यों नहीं देते? विधायक ने शाम तक खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करके रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए। इसके अलावा शिविर में 10 से ज्यादा शिकायतें आईं। शिविर में लोगों ने शहर के सरकारी अस्पताल में रात में स्टाफ के न रुकने की शिकायत की।
विज्ञापन
इस पर एसडीएम ने एसएमओ को व्यवस्था में सुधार लाने की चेतावनी दी। एक युवक ने प्लॉट के आगे गली चौड़ी न करने की बात कही। एसडीएम ने कहा कि किसी की प्राइवेट जगह पर गली बनाने का किसी के पास अधिकार नहीं होता। सरकारी रिकॉर्ड में जहां पर गली है वहीं पर ही बनाई जाएगी।
कई गांवों से लोग पंचायती जमीन पर रजिस्ट्री कराने की फाइल लेकर पहुंचे। उन्हें बीडीपीओ ने समय सीमा के खत्म हो जाने की बात कही। इसी बीच सोहटी के जयपाल राणा ने एक महिला कर्मचारी पर पैसे मांगने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि वह मामले की शिकायत विजिलेंस भी कर सकते थे लेकिन इस व्यवहार में बदलाव लाने की मांग करने आए हैं। इस दौरान उपमंडल कार्यालय के कमरा नंबर 117 में कर्मचारी के न बैठने की शिकायत की गई।