लूट के आरोपियों के घर के बाहर नोटिस चस्पा करने आए कोशीकलां थाना प्रभारी। संवाद
- फोटो : Sonipat
गांव लिवासपुर में शराब कारोबारी सुखविंद्र की हत्या में आरोपियों ने मथुरा के कोशीकलां से लूटी गई कार का इस्तेमाल किया था। आरोपियों को लगता था कि इससे उनकी पहचान नहीं हो पाएगी। राई थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार के नंबर के आधार पर मथुरा पुलिस को सूचना दी थी। मथुरा में पहले से ही कार की लूट का मुकदमा दर्ज था। इस मामले में अभी तक आरोपी मथुरा पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मथुरा पुलिस की टीम ने सोमवार को आरोपियों के घर पर सीआरपीसी की धारा 82 का नोटिस चस्पा कर दिया।
गांव लिवासपुर निवासी सुखविंद्र उर्फ धौला की गांव में 9 अक्तूबर, 2020 को 24 गोलियां मारकर हत्या की गई थी। हमले में उसका भाई रवींद्र भी घायल हुआ था। सुखविंद्र की हत्या कर भागने के दौरान आरोपियों की गोली उनके साथी को लग गई थी। मामले में खेवड़ा गांव के कुलदीप उर्फ काला और प्रदीप उर्फ भोला का नाम भी सामने आया था। इन्होंने वारदात में जिस कार का प्रयोग किया था, वह मथुरा के कोशीकलां से लूटी गई थी। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोशीकलां थाने की पुलिस टीम सोमवार को खेवड़ा में पहुंची। टीम का नेतृत्व एसएचओ कोशीकलां सुबोध कुमार तोमर कर रहे थे। उन्होंने कुलदीप और प्रदीप के मकान पर धारा 82 का नोटिस चस्पा किया। सीजेएम मथुरा न्यायालय ने इनको चार मार्च तक हाजिर होने का समय दिया है। उसके बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
मथुरा के कोशीकलां थाने की पुलिस टीम आई थी। पुलिस ने खेवड़ा में कुलदीप और प्रदीप के मकान पर 82 का नोटिस चस्पा किया है। उन दोनों पर मथुरा से कार लूटने का आरोप है।
विवेक मलिक, थाना प्रभारी, राई।