सोनीपत के गांव भठगांव में युवक की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार मुख्य आरोपी पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : पकड़ा गया ट्रक
सोनीपत। गांव भठगांव में दिव्यांग युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी नवीन को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव भठगांव मालियान निवासी राज सिंह ने 21 मार्च को सदर थाना पुलिस को बताया था कि उनका छोटा बेटा कुलदीप (41) अविवाहित था। देर शाम वह, उनका बेटा कुलदीप, पत्नी तारा देवी, पुत्रवधू ममतेश व पोता हार्दिक घर पर थे। तभी गांव के डूंगरान पाना का नवीन उनके घर आया और कहा कि कुलदीप उनके कहे के अनुसार उनकी मनी ट्रांसफर की दुकान पर काम नहीं कर रहा। अगर वह काम नहीं करेगा तो वह उसे मार देगा। उनके बेटे ने दो माह नवीन के साथ काम किया था और अब काम नहीं कर रहा था। नवीन की आवाज सुनकर कुलदीप आंगन में आया था तो नवीन ने चाकू से बेटे के कंधे पर गर्दन के पास वार कर दिया था। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया था। तभी नवीन का पिता कृष्ण व उनका पड़ोसी तकदीर उसे छुड़ा ले गए थे। कुलदीप को वह अस्पताल ले गए थे तो बेटे की मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तकदीर को गिरफ्तार कर लिया था। अब आरोपी नवीन को भी गिरफ्तार कर लिया है।
-युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया है। उसे तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। -इंस्पेक्टर उमेश कुमार, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत