गोहाना। गीता कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को दुकान से उधार में घर का राशन लाने पर पहले डंडे से पीटा और फिर कुल्हाड़ी से वार कर घायल कर दिया। बच्चों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। शहर थाना पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित ममता ने बताया कि उनके घर में कई दिन से राशन का सामान खत्म था। पति संदीप ने सामान लाने से मना कर दिया तो वह एक दुकान से उधार में राशन सामान ले आई थी। उसने पति संदीप को इसके बारे में नहीं बताया। रात के समय पति ने उसको पीटना शुरू कर दिया और कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। जब उनकी बेटी आवाज सुनकर पहुंची तो वह खून से लथपथ थी। बेटी देखकर चिल्लाने लगी तो बेटा भी जाग गया। बच्चों ने पड़ोसियों को आवाज़ लगाई। पड़ोसियों ने उन्हें छुड़वाया और पति उन्हें छोड़कर भाग गया। पड़ोसियों ने उन्हें नागरिक अस्पताल और फिर बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी संदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।