खरखौदा। गांव फिरोजपुर बांगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक गोदाम के सुरक्षा गार्ड ने पास के ही दूसरे गोदाम के सुरक्षा गार्ड पर अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई करने का आरोप लगाया है। खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के गांव दरियापुर कलां निवासी योगेश ने बताया कि वह फिरोजपुर बांगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक गोदाम में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है। रात के समय उनके पड़ोस के गोदाम का सुरक्षा गार्ड सूरज उनके पास आया। उसने बस इतना ही कहा कि वह उसके पास खड़ा न होकर अपने गोदाम पर चला जाए, इस पर वह आवेश में आ गया और अपने साथियों को बुला लिया। उन्होंने मिलकर उसकी पिटाई कर दी और उसे जान से मार देने की धमकी देकर चले गए। घायल योगेश की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।