सोनीपत के गोहाना स्थित उपमंडल नागरिक अस्पताल में रखा खराब जनरेटर।
गोहाना। बरोदा रोड स्थित नागरिक अस्पताल में कई सालों से जनरेटर खराब पड़ा है। अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने से इनवर्टर से काम चलाया जा रहा है। वहीं गर्मी के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने पर नागरिक अस्पताल में मरीजों का इलाज प्रभावित हो जाता है। इससे मरीजों को परेशानी होती है। चिकित्सक भी मोबाइल की टॉर्च जलाकर इलाज करते हैं।
उपमंडल नागरिक अस्पताल परिसर में क्वार्टरों के पास जनरेटर रखा हुआ है। जनरेटर अस्पताल में बिजली बाधित होने पर वैकल्पिक रूप से बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए रखवाया था। कई वर्ष पहले जनरेटर में अचानक तेज धमाका हुआ और धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें निकली और जनरेटर जल गया। इसके बाद जनरेटर को ठीक नहीं कराया गया है। हालांकि नागरिक अस्पताल को हॉटलाइन से जोड़ा गया है। इसकी वजह से स्वास्थ्य सेवाएं चालू रहती हैं।
आईसीयू चालू करने से पहले जनरेटर की करनी होगी मरम्मत
नागरिक अस्पताल में 6 बैड का आईसीयू तैयार किया जा रहा है। आईसीयू का ढांचा तैयार कर लिया है, लेकिन सिविल सर्जन की तरफ से चिकित्सक व उपकरण नहीं भेजे गए हैं। आईसीयू को चालू करने से पहले स्वास्थ्य विभाग को जनरेटर को दुरुस्त करना होगा। अधिकारियों के अनुसार आईसीयू में उपकरणों को चालू करने के लिए 24 घंटे बिजली की आवश्यकता रहेगी।
नागरिक अस्पताल के जनरेटर में अज्ञात कारणों से अचानक आग लगी थी। इसके बाद जनरेटर का ठीक नहीं कराया गया। मुख्यालय से नया जनरेटर उपलब्ध कराने की मांग की है।
डॉ. दिनेश छिल्लर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, उपमंडल नागरिक अस्पताल