संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। रेलवे लाइन पार क्षेत्र, विशेष रूप से मंडी एवं गोहाना रोड इलाके में सफाई व्यवस्था बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। आठ दिन से नियमित सफाई नहीं होने के कारण क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं।
संविदा सफाई कर्मियों का धरना नगर निगम कार्यालय के गेट पर जारी है। वहां मंगलवार को इसराना से पूर्व विधायक बलबीर सिंह बाल्मीकि व जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया।
ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच के प्रधान मुकेश टांक ने कहा कि 24 मई 2018 के पत्र के तहत वर्तमान में कार्यरत सभी संविदा सफाई कर्मचारियों को पैरोल पर रिहा किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ये मांग तुरंत पूरी नहीं होती है तो ये हड़ताल और लंबी चलेगी।
पूर्व विधायक बलबीर सिंह बाल्मीकि ने सरकार से अनुरोध किया कि संविदा सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का काम करें ताकि उन्हें भविष्य में परेशानी का सामना न करना पड़ा। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने सफाई कर्मचारियों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हित के लिए उनकी सुरक्षा के लिए वह उनके साथ खड़े हुए हैं। आखिरी सांस तक समर्थन करते रहेंगे। सोनीपत नगर सुधार मंच के चेयरमैन संजय सिंगला ने कहा कि गंदगी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बीमारियों फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर रोजाना इस गंदगी के बीच से गुजरने के लिए मजबूर हैं। नगर निगम की ओर से इस क्षेत्र की लगातार अनदेखी किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। संजय सिंगला ने निगम प्रशासन से मांग की कि इस समस्या को तुरंत दूर किया जाए। नियमित सफाई की जाए।