सोनीपत। दिल्ली रोड स्थित नागरिक अस्पताल में मरीजों और स्टाफ की सुविधा के लिए करीब 4.41 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न मरम्मत के काम किए जा रहे हैं। अस्पताल परिसर में दुरुस्त टाइलों को उखाड़कर पत्थर बिछाया जा रहा है जबकि कई जगह छत की सीलिंग उखड़कर गिर चुकी है मगर इस पर किसी का ध्यान नहीं है।
नागरिक अस्पताल के भवन में कई जगह दरारें आ चुकी हैं। छत से पानी का रिसाव होने के अलावा कई जगह टाइल्स टूट चुकी हैं। साथ ही अस्पताल का भवन भी काफी पुराना हो चुका है। बारिश के दौरान आपातकालीन कक्ष से लेकर ओपीडी व शिशु वार्ड में छत से पानी टपकता है।
इससे कर्मचारियों के साथ अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होती है। प्रबंधन की ओर से भवन की मरम्मत के लिए मुख्यालय से पत्राचार किया गया था। वहां से मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग को मरम्मत का कार्य सौंपा गया है।
विभाग ने भवन, फर्श, छत, शौचालयों की मरम्मत के साथ सड़क निर्माण के लिए करीब 4.41 करोड़ रुपये का बजट रखा था जिसे मंजूरी मिलने के बाद फर्श का काम शुरू हो गया है लेकिन छत की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अस्पताल परिसर में कई जगह छत से सीलिंग गिरने वाली है। ऐसे में इलाज के लिए अस्पताल आने वाले मरीजों के साथ अनहोनी घटना घटित हो सकती है।
किस कार्य पर कितनी राशि होगी खर्च
विभाग ने अस्पताल के भवन की मरम्मत के कार्यों के लिए 3.80 करोड़, छत की मरम्मत के लिए 18 लाख, शौचालयों के लिए 43 लाख, सड़कों की मरम्मत के लिए 80 लाख रुपये तय किए हैं। फर्श की मरम्मत का काम शुरू हो चुका है। कई जगह ठीक टाइल्स को तोड़कर पत्थर लगाने का काम हो रहा है।
नागरिक अस्पताल में छत और सड़कों की मरम्मत जल्द होगी। सभी काम को 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। -पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।
फोटो 28- सोनीपत के दिल्ली रोड स्थित नागरिक अस्पताल परिसर में छत की उखड़ी सीलिंग। संवाद
फोटो 28- सोनीपत के दिल्ली रोड स्थित नागरिक अस्पताल परिसर में छत की उखड़ी सीलिंग। संवाद