संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में मशीन की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। कर्मचारी के बेटे दीपक सिंह ने फैक्टरी मालिक व अन्य के खिलाफ शिकायत देते हुए सैदपुर चौकी में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
दिल्ली के स्वरूप नगर, सिंधी कॉलोनी निवासी दीपक सिंह का कहना है कि उनके पिता मंगत सिंह रावत गांव फिरोजपुर बांगर स्थित चोपड़ा चैमस्टब प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में 25 वर्ष से काम करते आ रहे थे। दीपक का आरोप है कि उनके पिता उन्हें बताया करते थे कि फैक्टरी मालिक तुषार चोपड़ा उन्हें मशीन चलाने व उसे साफ करने के लिए दबाव डालते हैं। उन्हें कोई सुरक्षा उपकरण भी नहीं दिए जाते हैं।
वहीं फैक्टरी में ही कार्यरत एक नौकर भी उनसे जबरदस्ती यह काम करवाता है। दीपक का कहना है कि शुक्रवार को उसके पिता ड्यूटी पर थे कि इसी दौरान मशीन की चपेट में आ गए। उनका चेहरा कुचला गया और दोनों हाथ व एक पैर कटने के साथ ही कमर व सीने पर भी चोट आई, जिससे उनकी मौत हो गई। दीपक ने फैक्टरी मालिक व नौकर के खिलाफ सैदपुर चौकी पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।