सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर मुरथल फ्लाईओवर के पास मृत मिले चालक की हत्या के बाद शव खुर्द-बुर्द करने के लिए नाले में फेंका गया था। पुलिस ने खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया तो खुलासा हुआ है कि 16 चोट मारकर उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने चालक के भाई के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव कामी निवासी धर्मेंद्र ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि उनके सबसे बड़े भाई देवेंद्र वर्तमान में अपने परिवार सहित देवडू रोड स्थित जीवन विहार की गली नंबर-6 में रहते थे। वह जीटी रोड मुरथल स्थित कोक कंपनी के गोदाम में चालक थे। उनके भाई 17 जनवरी को सुबह नौ बजे ड्यूटी पर गए थे। देवेंद्र ने रात साढ़े 10 बजे उन्हें कॉल की थी कि उसने शराब पी रखी है और वह मुरथल है। तब उन्होंने भाई को घर जाने के लिए कहा था। 18 जनवरी को सुबह उनके भतीजे विशाल ने कॉल कर बताया था कि उनके पिता रात से घर नहीं आए हैं। तब उन्होंने कंपनी के गोदाम में पता किया तो जानकारी मिली कि वह 12 बजे गोदाम पर आए थे और चले गए।
शाम को मालिक ने शव मिलने की दी जानकारी
धर्मेंद्र का कहना है कि शाम को चार बजे गोदाम मालिक ने भतीजे विशाल के पास कॉल कर बताया कि मुरथल में पीएनबी के बाहर नाले में एक शव मिला है। इस पर वह अपने भतीजे संग वहां पहुंचा तो शव देवेंद्र का था। शव नाले में पड़ा था और उनके सिर व चेहरे पर चोट के निशान थे। जूते व शाल भी वहीं पड़ा था। उन्हें लगा कि देवेंद्र हादसे का शिकार हुए हैं।
पोस्टमार्टम में उठा हत्या से पर्दा
पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया था, जहां से खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। वहां पर 19 जनवरी को पोस्टमार्टम कराया गया और विसरा जांच को भेज दिया गया। अब चिकित्सक ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में देवेंद्र की हत्या किए का खुलासा किया है। मौत से पहले चोट मारे जाने की बात लिखी है। उनके शरीर पर चोट के 16 निशान मिले हैं, जिसमें दो निशान धारदार हथियार से वार के भी हैं।
रात को दो लोगों के साथ था भाई
धर्मेंद्र ने बताया कि जब उन्होंने भतीजे संग कोक कंपनी में पूछताछ की तो पता लगा कि देवेंद्र देर रात करीब साढ़े 11 बजे दो लोगों के साथ कंपनी में आया था। तब वह नशे में था। उन्हें आशंका है कि दो लोगों ने ही उनके भाई के साथ झगड़ा किया और हत्या कर शव नाले में डाल दिया।
छह भाई-बहनों में सबसे बड़े थे देवेंद्र
परिजनों ने बताया कि देवेंद्र चार भाई व दो बहनों में सबसे बड़े थे। देवेंद्र के अलावा परिवार में उनसे छोटे राजेश, सुनील और धर्मेंद्र व दो बहन सविता व प्रीति हैं।
-
नाले में चालक का शव मिला था। अब पोस्टमार्टम में हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, मुरथल