फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: थीम पार्क, एम्यूजमेंट पार्क और भव्य दशहरा ग्राउंड का सपना होगा साकार

Sat, 04 Jul 2026 04:24 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो :: सोनीपत में एसएमडीए की बैठक के दौरान विधायक निखिल मदान, कृष्णा गहलावत, पवन खरखौदा, मेयर
विज्ञापन
सोनीपत। महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) सोनीपत की बैठक में शहर के भविष्य को नई दिशा देने वाली कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सेक्टर-4 में प्रस्तावित थीम पार्क और एम्यूजमेंट पार्क के साथ-साथ सेक्टर-16 के निकट आधुनिक दशहरा ग्राउंड के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं।
विज्ञापन

इन परियोजनाओं के साकार होने के बाद शहरवासियों को मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों और बड़े सार्वजनिक आयोजनों के लिए आधुनिक एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शुक्रवार को हुई बैठक में विधायक निखिल मदान ने अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं के साथ आधुनिक मनोरंजन और सांस्कृतिक केंद्रों का विकास भी आवश्यक है। एसएमडीए की ओर से सेक्टर-4 में प्रस्तावित थीम पार्क और एम्यूजमेंट पार्क की टेंडर प्रक्रिया फिलहाल जारी है।
विज्ञापन

परियोजनाओं का उद्देश्य विश्वस्तरीय मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराना और आकर्षक सार्वजनिक स्थल विकसित करना है। प्रस्तावित थीम पार्क केवल हरित क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि इसमें थीम आधारित लैंडस्केपिंग, आकर्षक संरचनाएं, आधुनिक वॉकिंग ट्रैक, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और खुले सार्वजनिक स्थल विकसित किए जाएंगे।
यह पार्क शहर की सुंदरता में चार चांद लगाने के साथ-साथ लोगों के लिए सुकून और मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा। वहीं, एम्यूजमेंट पार्क बच्चों और युवाओं के लिए आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं का प्रमुख केंद्र साबित होगा। वर्तमान में ऐसी सुविधाओं के अभाव में लोगों को दिल्ली और अन्य बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता है।
सेक्टर-16 के पास बनेगा अत्याधुनिक दशहरा ग्राउंड
बैठक में बताया कि सेक्टर-16 स्थित रंगोली ग्रीन और रेवली गांव के निकट आधुनिक दशहरा ग्राउंड के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। इसका शुभारंभ शीघ्र करने की तैयारी चल रही है। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों को स्थायी मंच मिल सकेगा। शहर की बढ़ती आबादी और बड़े आयोजनों की आवश्यकता को देखते हुए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्तमान में कई धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त खुले और सुव्यवस्थित मैदान उपलब्ध नहीं हैं। नया दशहरा ग्राउंड बनने के बाद दशहरा महोत्सव, रामलीला, मेले, सरकारी समारोह, सामाजिक कार्यक्रमों और बड़े जनसमूह वाले आयोजनों के लिए एक स्थायी और आधुनिक स्थान उपलब्ध होगा जिससे शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।


राठधना एसटीपी, रेनीवेल और सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं को भी मिली गति
बैठक में राठधना में 60 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण प्रस्ताव को भी आम सहमति से आगे बढ़ाया गया। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा जिससे शहर की सीवरेज व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त जाजल और मछरौला में दो नए रेनीवेल स्थापित किए जाने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है और उनकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इससे भविष्य में शहर की पेयजल आपूर्ति को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी। वहीं, सेक्टर-7 की सड़क को चौड़ा करने का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण के लिए तैयार किए जा रहे डिजाइनों को अंतिम रूप दिया जा रहा है जिससे सोनीपत को एक आधुनिक और व्यवस्थित महानगर के रूप में विकसित किया जा सके।


ये रहे मौजूद
बैठक में राई विधायक कृष्णा गहलावत, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान, मेयर राजीव जैन, एसएमडीए की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए. मोना श्रीनिवासन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें