सोनीपत। गांव रसोई स्थित उषा टावर सोसाइटी में कुत्ते को बेरहमी से पटक-पटककर मारने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने युवक को रोकने का प्रयास किया। उसने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। दुकानदार कुशल की शिकायत पर कुंडली थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। उषा टावर निवासी कुशल ने बताया कि 10 नवंबर की रात करीब 8 बजे गांव सेवली निवासी दीपांशु पालतू कुत्ते को लेकर दुकान के पास आया। वहां सोसाइटी का एक कुत्ता भौंकने लगा। आरोप है कि इस पर दीपांशु ने कुत्ते को पकड़कर जमीन पर पटक-पटककर मारना शुरू कर दिया। जिससे कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। संवाद