फोटो: सोनीपत के खजाना कार्यालय में निरीक्षण करने पहुंची उपायुक्त नेहा सिंह। स्रोत: सूचना विभाग
सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने वीरवार को जिला खजाना कार्यालय का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, डबल लॉक सिस्टम और वित्तीय अभिलेखों के रखरखाव की समीक्षा की। उन्होंने जिला खजाना अधिकारी संजीव कुमार को सुरक्षा और रिकॉर्ड प्रबंधन को और मजबूत व व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खजाने में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों और सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने एंट्री रजिस्टर का रिकॉर्ड से मिलान कर प्रविष्टियों की जांच की ।
उपायुक्त ने कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी कैमरों से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएं। साथ ही सुरक्षा उपकरण हर समय सुचारु रूप से कार्य करते रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने डायरी-डिस्पैच रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की भी जांच की। कार्यालय परिसर में स्वच्छता, अभिलेखों की सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा उपायों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के साथ समय-समय पर आंतरिक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।