सिसाना में दहिया खाप के चबूतरे पर अपने विचार रखते पंचायत सदस्य। संवाद
- फोटो : Sonipat
गांव सिसाना में चबूतरे पर दहिया खाप की महापंचायत हुई। दहिया खाप के दो प्रधानों के बजाय एक प्रधान बनाने को महापंचायत रखी गई थी। पंचायत में दोनों प्रधानों की मौजूदगी होने पर आगामी निर्णय लिया जाना था। महापंचायत में एक प्रधान महावीर दहिया ही पहुंचे, दूसरे प्रधान सुरेंद्र दहिया के न पहुंचने पर खाप प्रधान का फैसला रविवार को भी नहीं हो सका। हालांकि प्रधान सुरेंद्र दहिया पहले ही रविवार को जरूरी काम होने की बात कहकर पंचायत में उपस्थिति दर्ज ना करवाने की बात कह चुके थे। अब 16 फरवरी को फिर से पंचायत होगी, जिसमें दोनों प्रधानों की मौजूदगी में आगामी निर्णय लिए जाएंगे।
पंचायत सदस्यों ने कहा कि 16 फरवरी को होने वाली इस पंचायत में सबसे उम्रदराज ग्रामीण द्वारा अध्यक्षता की जाएगी, जिसमें सबसे पहले दोनों प्रधानों का इस्तीफा लिया जाएगा, जिसके बाद ही या तो दोनों प्रधानों में से एक को या फिर किसी तीसरे को दहिया खाप की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अगर इसके बाद कोई व्यक्ति खुद को प्रधान बताता है तो उस पर क्या कार्रवाई की जाएगी, इसका निर्णय भी 16 फरवरी की पंचायत में ही होगा। पंचायत में प्रधान महावीर दहिया ने कहा कि पंचायत चाहे तो उनका इस्तीफा आज ही स्वीकार कर सकती है, उन्हें कोई एतराज नहीं है। इस दौरान धर्मबीर दहिया, राजेंद्र सिंह, जयपाल सिंह, धर्मबीर सिंह, कुलदीप सिंह, सतीश, दिलावर सिंह, आनंद दहिया, करण सिंह, आजाद सिंह, आनंद, प्रेमसिंह, रोहतास, संदीप दहिया, जग्गी, मास्टर बलबीर सिंह, रामकुमार, हवा सिंह, धर्म सिंह, सतीश, सतबीर व अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।