गन्नौर। आहुलाना-ढिंडार रोड पर झाड़ियों में मिले अधजली अवस्था में युवक के शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दूसरे दिन भी आसपास लगे सीसीटीवी जांच कर साक्ष्य जुटाने का काम किया। मामले में अभी तक पुलिस को घटना से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, शव की शिनाख्त नहीं होने पर पोस्टमार्टम भी नहीं करवाया गया है। पुलिस शव की पहचान के हरसंभव प्रयास कर रही है, ताकि कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सके।
शुक्रवार को गन्नौर थाना पुलिस को आहुलाना-ढिंडार रोड पर युवक का अर्धजला शव झाड़ियों में मिला था। मृतक की गर्दन व मुंह पर चोट के निशान भी पाए गए थे। पुलिस को शव के पास पेट्रोल की खाली बोतल व ब्लेड भी बरामद किया था। जिसके आधार पर पुलिस का मानना है कि पहले युवक पर नुकीले ब्लेड से हमला कर उनकी हत्या की गई। इसके बाद युवक पहचान छिपाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया है। इस संबंध में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। गन्नौर थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार का कहना है कि मामले को लेकर पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं, जल्द साक्ष्य जुटाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।