फोटो 39: सोनीपत कांग्रेस भवन में पत्रकारवार्ता के दौरान नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम की जानकारी द
सोनीपत। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने युवाओं को संगठन से जोड़ने और उन्हें नेतृत्व का अवसर देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम की शुरुआत की है। यह कार्यक्रम केवल प्रतियोगिता ही नहीं बल्कि युवाओं के लिए संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ने का स्वर्णिम अवसर है।
यह बात कांग्रेस के नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम के संयोजक चांदवीर हुड्डा ने कही। वे शुक्रवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारवार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रतिभाशाली और सक्रिय युवाओं को प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट, रिसर्च कोऑर्डिनेटर और प्रचार कोऑर्डिनेटर जैसी भूमिकाओं में शामिल करेगी।
कार्यक्रम की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। ब्लॉक व जिला स्तर पर आवेदन और प्रारंभिक चयन, इसके बाद प्रदेश स्तर पर परीक्षा, समूह चर्चा और साक्षात्कार किया जाएगा। अंत में राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम चयन व प्रोफेशनल प्रशिक्षण दिया जाएग। चयनित युवाओं को युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवा दल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। चांदवीर हुड्डा ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक युवा कांग्रेस की वेबसाइट या स्थानीय पार्टी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल पार्टी में नई ऊर्जा और नए नेतृत्व को आगे लाएगी।
इस दौरान शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान, ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, वरिष्ठ नेता सुरेंद्र दहिया, मनोज रिढाऊ, प्रेमनारायण गुप्ता, नीलम बाल्याण भी मौजूद रहे।